क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक विवाहिता की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल पंवार के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार
है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
पति ने खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे धीरज पंवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी
को गोली मारने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने की कोशिश की,
लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
फोन कॉल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान
चलाया। इस दौरान एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से महिला का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में महिला की
मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है।
कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल और उसके पति धीरज के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद
चल रहा था। मृतका के परिजनों ने भी पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह
क्या थी, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस और फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फील्ड यूनिट को भी मौके पर भेजा गया।
टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का
मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर उसकी
तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश के साथ-साथ हत्या के कारण, घटनाक्रम और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।















Leave a Reply