15 हजार में से सिर्फ 4,900 अभ्यर्थी ही पहुंचे, 70 प्रतिशत ने नहीं दी परीक्षा
उत्तराखंड में बेरोजगार युवाओं के लिए रविवार, 24 अगस्त का दिन अति महत्वपूर्ण था। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सहायक प्रयोगशाला और मशरूम पर्यवेक्षक वर्ग-3 के 30 रिक्त पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करवाई। लेकिन परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बेहद चौंकाने वाली रही।
परीक्षा केंद्रों पर 70% अनुपस्थित
परीक्षा के लिए कुल 15,887 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन सिर्फ 4,912 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। यानी करीब 10,975 उम्मीदवार परीक्षा से नदारद रहे। आँकड़ों के अनुसार केवल 30.92% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि लगभग 70% अनुपस्थित रहे।
नकल रोकने की सख्ती
परीक्षा को लेकर आयोग ने इस बार सख्ती बरती थी। नकल रोकने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। राहत की बात यह रही कि परीक्षा केंद्रों से किसी तरह की गड़बड़ी या शिकायत की सूचना नहीं मिली। परीक्षा शांति और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।
आयोग को मिली राहत
लगातार पेपर लीक और परीक्षाओं पर सवाल उठने के बाद इस बार परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने से आयोग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल न होने ने सवाल खड़े कर दिए हैं।















Leave a Reply