डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनसमस्याओं के शीघ्र और
प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को श्रीनगर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की।
तहसील दिवस के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और
संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
पेयजल, सड़क और सफाई से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई
तहसील दिवस में सेमला गांव में पेयजल समस्या की शिकायत पर जल निगम को स्थलीय
निरीक्षण कर तकनीकी समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
वहीं नकोट गांव में जल भंडारण टैंक की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
देहलचौरी रोड पर क्षतिग्रस्त पुश्ते और स्कपर से संबंधित शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को मरम्मत
और सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
कूड़ा, सीवर और अवैध निर्माण पर सख्ती
श्रीनगर क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंके जाने की शिकायत पर नगर निगम को सीसीटीवी कैमरों के
माध्यम से निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीवर लाइन का पानी सड़कों पर बहने की शिकायत पर सुधारात्मक कार्य शुरू करने तथा सड़कों पर
निर्माण सामग्री व मलबा रखने वालों पर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
धारी देवी क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
धारी देवी पहुंच मार्ग से संबंधित सुरक्षा कार्यों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को
संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र में जाम की समस्या को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि धारी देवी में स्थायी पार्किंग का निर्माण मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल है
और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य प्रक्रियाधीन हैं।
अतिक्रमण और अन्य मामलों में जांच के निर्देश
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए।
रेलवे से क्षतिग्रस्त भवनों में जल बिल आने की शिकायत पर जल संस्थान को परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार
करने को कहा गया। वहीं नालियों के अंडरग्राउंड निर्माण से जुड़े मामलों में राष्ट्रीय राजमार्ग
और नगर निगम को संयुक्त निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
समयबद्ध निस्तारण और आवेदकों को सूचना देने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर स्थलीय निरीक्षण के
आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
साथ ही निस्तारण की जानकारी समयबद्ध रूप से आवेदकों को उपलब्ध कराने और
छोटी आवश्यकताओं को जिला योजना में शामिल कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता
के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है,
जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई जारी है।
तहसील दिवस में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,
उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और
बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


















Leave a Reply