रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

देहरादून में युवती पर हमला, सिर पर 8–9 टांके; तीन युवक नामजद, तलाश जारी

मच्छी बाजार में युवती की नृशंस हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि देहरादून से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

चंद्रबनी चौक के पास गुरुवार रात एक कैफे के बाहर तीन युवकों ने एक युवती पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवती के सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद युवती के साथी उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाए। युवती के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कॉफी पीने गई थी युवती, कैफे में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार सैय्यद मोहल्ला, चकराता रोड निवासी पीयूष जोशी ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी है।

उन्होंने बताया कि उनकी चचेरी बहन गुरुवार रात करीब 8 बजे अपने साथियों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई थी।

इसी दौरान कैफे में मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी

और युवती के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

चौकी इंचार्ज आईएसबीटी आशीष कुमार ने बताया कि युवती के भाई की तहरीर के आधार पर आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कैफे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ले ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फिलहाल फरार हैं। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार की पुष्टि नहीं

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर थाना पटेलनगर की टीम मौके पर पहुंची थी। जांच में सामने आया कि युवती और उसके साथी बर्थडे पार्टी के लिए कैफे में गए थे।

कैफे के बाहर सड़क पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें युवती के सिर पर चोट आई।

दून अस्पताल में कराए गए मेडिकल परीक्षण में डॉक्टरों ने सिर पर किसी हार्ड और ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट लगने की पुष्टि की है। मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट की पुष्टि नहीं हुई है।

साथ ही रिपोर्ट में युवती द्वारा शराब सेवन का भी उल्लेख किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 118(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना जारी है।

मच्छी बाजार हत्याकांड के बाद फिर दहशत

गौरतलब है कि 2 फरवरी को नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती गुंजन की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

आरोपी आकाश ने धारदार हथियार से युवती की गर्दन काट दी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अब युवती पर हमले की यह घटना सामने आने से शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

https://regionalreporter.in/mnrega-workers-honorarium-and-panchayat-representatives/
https://youtu.be/QvXEjQsoe9k?si=8BQjzfEvuHwzxVJl
Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: