रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

सतपुली चलो: पंकज कुमार मौत मामले में न्याय की मांग तेज

भुवन पाठक ने किया जनआंदोलन का आह्वान

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में सतपुली क्षेत्र के रैतपुर गांव निवासी युवक

पंकज कुमार की संदिग्ध मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

मामले को लेकर अब जनआंदोलन की तैयारी भी शुरू हो गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता भुवन पाठक ने प्रदेश की जनता से 15 मई 2026 को “सतपुली चलो” आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

भुवन पाठक ने “पंकज को न्याय दो” और “पुलिस उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं”

जैसे नारों के साथ लोगों से सतपुली बाजार स्थित हनुमान मंदिर के निकट आयोजित जनसभा में पहुंचने की अपील की गई है।

सभा का समय सुबह 11 बजे रखा गया है। इसे “उत्तराखंड की समस्त जनवादी ताकतों का साझा मंच” बताया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा मामला

दरअसल, 02 मई को सतपुली थाना क्षेत्र के रैतपुर गांव के पास पुल के नीचे

युवक का शव मिलने के बाद यह मामला चर्चा में आया।

मृतक की पहचान करीब 20 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर युवक का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने सतपुली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पंकज की बाइक सीज कर दी थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

परिवार का कहना है कि पंकज अपनी बाइक से बेहद लगाव रखता था।

आरोप है कि पुलिस कार्रवाई और कथित प्रताड़ना के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया।

क्या कहा पुलिस ने

पुलिस के अनुसार, 1 मई को पंकज कुमार शराब के नशे में बाइक चला रहा था और उसकी बाइक की टक्कर एक स्थानीय चिकित्सक से हो गई थी।

मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने नियमों के तहत बाइक सीज की थी।

पुलिस का कहना है कि बाद में घायल चिकित्सक और पंकज के बीच समझौता भी हो गया था।

हालांकि युवक के वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने

मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंप दी है।

साथ ही सतपुली थानाध्यक्ष को अग्रिम आदेश तक लाइन हाजिर कर दिया गया है।

“सतपुली चलो” आंदोलन की तैयारी

भुवन पाठक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंकज कुमार को न्याय दिलाने और कथित पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ जनता को एकजुट होने की जरूरत है।

उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता से 15 मई को सतपुली पहुंचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं बल्कि न्याय और व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने की लड़ाई है।

सोशल मीडिया पर भी “सतपुली चलो” अभियान तेजी से वायरल हो रहा है।

https://youtu.be/9Uh5mRbFCJk?si=1kQPhoZsPsY1gGTW
https://regionalreporter.in/major-road-accident-in-ramnagar/
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *