महिला पर मीटर तोड़ने का आरोप
विवेक नगर में स्मार्ट मीटर अभियान के दौरान हुआ विवाद
उधम सिंह नगर जनपद के विवेक नगर इलाके में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग
की टीम के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है।
विभाग की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी विभागीय टीम
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग के अवर अभियंता कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में
बताया कि 16 मई को वह उपखंड अधिकारी अन्नू अरोरा, विभागीय लाइन स्टाफ
और कार्यदायी संस्था अडानी एनर्जी सोल्यूशन के कर्मचारियों के साथ विवेक नगर क्षेत्र में पुराने बिजली मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे।
यह अभियान भारत सरकार के राजपत्र संख्या 233 दिनांक 1 अप्रैल के अनुपालन में चलाया जा रहा था।
लोगों को समझाए जा रहे थे स्मार्ट मीटर के फायदे
बताया गया कि विभागीय टीम स्थानीय उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता और उसके फायदे भी समझा रही थी।
इसी दौरान टीम वार्ड नंबर 7 स्थित शारदा देवी पत्नी राम किशोर के परिसर में पहुंची।
आरोप है कि वहां मौजूद एक महिला और एक अन्य पुरुष ने लोगों को भ्रामक जानकारी देकर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया।
कर्मचारियों से अभद्रता और मीटर तोड़ने का आरोप
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों ने आसपास के लोगों को
इकट्ठा कर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रुकवा दिया।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद पुरुष ने महिला को घर के अंदर से डंडा लाकर दिया,
जिसके बाद महिला ने पहले से लगे बिजली मीटर पर डंडे से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
विभाग ने पुलिस को सौंपे वीडियो और स्क्रीनशॉट
घटना के दौरान सरकारी कार्य प्रभावित हुआ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
विभाग की ओर से पुलिस को घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट भी सौंपे गए हैं, जिनमें महिला द्वारा मीटर तोड़ने का दावा किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
विद्युत विभाग ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने,
लोगों को भड़काने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि विभागीय तहरीर के
आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
















Leave a Reply