रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है।
भारी वर्षा, आंधी-तूफान और भूस्खलन की संभावनाओं के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को विभिन्न होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।
वहीं पैदल यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी निकटतम सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
श्रीनगर में भी वाहनों को रोका गया
यात्रा मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रीनगर क्षेत्र में भी केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोका जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रियों और वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।
श्रद्धालुओं ने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना
खराब मौसम के कारण यात्रा रुकने के बावजूद होल्डिंग क्षेत्रों में रुके कई श्रद्धालुओं ने पौड़ी पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
यात्रियों ने कहा कि सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम श्रद्धालुओं के हित में हैं।
श्रद्धालुओं ने अन्य यात्रियों से भी अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
यात्रियों ने कहा कि यात्रा दोबारा शुरू हो सकती है, लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मौसम सामान्य होने तक संयम बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने का संदेश दिया।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम की ताजा
जानकारी पर नजर रखें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं।

लेखिका बीते ढाई दशक से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं.वर्ष 2015 से रीजनल रिपोर्टर के संपादक के पद पर कार्यरत हैं.















Leave a Reply