अयोध्या राम मंदिर में दान पेटी से कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद के बाद श्री बदरीनाथ-
केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपने अधीनस्थ मंदिरों में दान-चढ़ावा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए
सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्य कार्याधिकारी की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप में दान, चढ़ावा, भेंट, किराया और अन्य माध्यमों
से प्राप्त धनराशि व सामग्री के रख-रखाव तथा लेखा-जोखा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी मंदिरों में पारदर्शिता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
बीकेटीसी ने दान एवं भेंट गणना स्थल, लेखा शाखा, खजाना, विश्रामगृह और पूजा काउंटर से जुड़े सभी अधिकारियों एवं
कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक धनराशि और सामग्री का नियमानुसार पारदर्शी रिकॉर्ड रखा जाए।
साथ ही संबंधित प्रभारियों को पूरी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी स्तर पर अनियमितता रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कार्यालय ज्ञाप में स्पष्ट किया गया है कि यदि भविष्य में दान-चढ़ावे या अन्य वित्तीय व्यवस्थाओं को लेकर किसी प्रकार की
शिकायत अथवा अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में
लाई जाएगी। समिति ने सभी अधीनस्थ मंदिरों को वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

आरटीआई खुलासों के बाद तेज हुई निगरानी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सामाजिक कार्यकर्ता विकेश नेगी द्वारा बीकेटीसी से दो बार सूचना का अधिकार (RTI) के तहत
जानकारी मांगी गई थी। आरटीआई के माध्यम से कई महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने के बाद मंदिर समिति की कार्यप्रणाली को
लेकर चर्चा तेज हुई। इसी बीच अयोध्या राम मंदिर दान पेटी विवाद सामने आने के बाद बीकेटीसी ने अपने अधीनस्थ मंदिरों में
दान-चढ़ावा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह कदम उठाया है।
विश्वास बनाए रखने पर समिति का जोर
मंदिर समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और चढ़ावे का पारदर्शी प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई
से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।















Leave a Reply