देहरादून से हिरासत में लेकर बद्रीनाथ थाने पहुंची पुलिस
बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी और हेराफेरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के
अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को देहरादून से हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार देर रात कार्रवाई के बाद आरोपी
को बदरीनाथ थाने लाया गया, जहां उससे मामले को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
चढ़ावा चोरी और हेराफेरी के आरोप में दर्ज हुई थी FIR
बदरी-केदार मंदिर समिति की ओर से प्रमोद नौटियाल के खिलाफ चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में
मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में सही पाए गए आरोप
बीकेटीसी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को प्रमोद नौटियाल को गंभीर अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कारण बताओ
नोटिस जारी किया गया था। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित चार सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में आरोप
प्रथम दृष्टया सही पाए गए। समिति ने आरोपी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी संस्तुति की थी।
निलंबन के बाद दर्ज कराई गई थी शिकायत
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बदरी-केदार मंदिर समिति ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
इसके बाद समिति की ओर से पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
उच्चस्तरीय समिति भी कर रही मामले की जांच
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी की शिकायतों की जांच के लिए
तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि तथ्यों के आधार पर
आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सीसीटीवी फुटेज भी जांच का हिस्सा
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।















Leave a Reply