घायल युवक के साथी पर धारदार हथियार से वार
उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बेस अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,
जब इलाज के लिए पहुंचे घायल युवक के साथ आए उसके साथी पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के लिए पहुंचे थे अस्पताल
जानकारी के अनुसार, ठंडी सड़क क्षेत्र में हुई मारपीट में घायल युवक को इलाज के लिए बेस अस्पताल लाया गया था।
आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर भी अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी के बाहर घायल युवक के साथ आए उसके साथी अनुज कुमार पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों में दहशत फैल गई।
कुछ देर तक इमरजेंसी के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
क्या कहा पुलिस ने
अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि अस्पताल में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।















Leave a Reply