झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है।
आंदोलन के 14वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र राहुल क्रांति की अचानक तबीयत बिगड़ गई,
जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने बताई स्वास्थ्य की स्थिति
अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि राहुल क्रांति का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया है,
जिससे उन्हें तेज सिरदर्द की शिकायत हुई।
उन्हें बुखार भी है और एहतियातन सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है।
डॉ. दिव्यांशु के अनुसार, अन्य भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों की भी स्वास्थ्य जांच की गई है
और फिलहाल उनके सभी वाइटल्स सामान्य पाए गए हैं।
छात्रों ने लगाया स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप
राहुल क्रांति ने तबीयत बिगड़ने से एक दिन पहले आरोप लगाया था कि प्रदर्शनकारी लगातार प्रशासन से मेडिकल चेकअप की मांग कर रहे थे,
लेकिन तय समय तक कोई डॉक्टर धरना स्थल पर नहीं पहुंचा।
BJP ने विधानसभा के बाहर किया प्रदर्शन
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने भर्ती परीक्षाओं में
कथित अनियमितताओं को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।
विपक्ष ने JPSC परीक्षा की CBI जांच की मांग करते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
AISA ने छात्रों के आंदोलन का किया समर्थन
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता नेहा बोरा ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रों का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए।
साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों से बातचीत करने और भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
क्या है छात्रों की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि JPSC और JSSC CGL भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। उनकी प्रमुख मांगें हैं:
- कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच।
- जरूरत पड़ने पर JPSC और JSSC CGL परीक्षाएं रद्द की जाएं।
- नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जाए।
- भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
















Leave a Reply