15 सितंबर तक कर सकेंगे फूलों की खूबसूरती का दीदार
राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान एक बार फिर आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
समर एनुअल्स संस्करण-2026 के तहत लोग 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक उद्यान की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।
करीब 15 एकड़ में फैले इस उद्यान में इस बार देशी और स्थानीय फूलों के साथ कई खास आकर्षण तैयार किए गए हैं।
आगंतुकों के लिए उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। रखरखाव के लिए हर सोमवार उद्यान बंद रहेगा।
खास बात यह है कि यहां प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन आगंतुकों को पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा।
अपराजिता और रुक्मिणी समेत कई फूल बनेंगे आकर्षण
इस बार अमृत उद्यान के समर एनुअल्स में देशी और स्थानीय फूलों के पौधों को विशेष स्थान दिया गया है।
इनमें गुल-मेहंदी, अपराजिता, रुक्मिणी, बरशा फूल, लाल साग और नागफना समेत कई पौधे शामिल हैं।
उद्यान में फूलों और पौधों से जुड़ी जानकारी देने के लिए अलग-अलग स्थानों पर QR कोड भी लगाए गए हैं।
इन्हें स्कैन करके आगंतुक पौधों के वैज्ञानिक नाम, प्रजाति और उनसे जुड़ी अन्य जानकारी हासिल कर सकेंगे।
तीन प्रमुख हिस्सों में है अमृत उद्यान का डिजाइन
अमृत उद्यान को मुख्य रूप से तीन प्रमुख हिस्सों में डिजाइन किया गया है।
इनमें मुख्य आयताकार उद्यान, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर/बटरफ्लाई/सनकेन गार्डन शामिल हैं।
लॉन्ग गार्डन में गुलाब की क्यारियों के साथ करीब 12 फीट ऊंची दीवारों पर बोगनवेलिया, टेकोमा और चमेली जैसी लताएं आकर्षण बढ़ाती हैं।
वहीं सर्कुलर गार्डन में 15 से अधिक मौसमी फूलों की किस्में मौजूद हैं।
फूलों पर मंडराती तितलियां इस हिस्से को खास बनाती हैं।
बरगद का उपवन और जलधारा भी खास
अमृत उद्यान में विशाल बरगद के पेड़ों और उनकी फैली शाखाओं व हवाई जड़ों वाला हिस्सा आगंतुकों को शांत और सुकूनभरा अनुभव देता है।
इसके अलावा बबलिंग ब्रूक गार्डन में धीमी गति से बहती जलधारा,
हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों के बीच प्रकृति को करीब से महसूस करने का मौका मिलेगा।
पिलखन के पेड़ के पास स्थित पुष्प घड़ी भी उद्यान की खास विशेषताओं में शामिल है।
अमृत उद्यान जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग जरूरी
अमृत उद्यान में प्रवेश के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
हालांकि, आगंतुकों को ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। मौके पर टिकट या स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकता है।
अमृत उद्यान की आधिकारिक बुकिंग वेबसाइट
किसी विशेष दिन के लिए स्लॉट की बुकिंग पिछले दिन सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। इसलिए आगंतुकों को अपनी यात्रा से पहले स्लॉट बुक करना होगा।
गेट नंबर 35 से मिलेगा प्रवेश
अमृत उद्यान में आगंतुकों के लिए नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास गेट नंबर 35 से प्रवेश और निकास की व्यवस्था की गई है।
आगंतुकों की सुविधा के लिए भ्रमण पथ पर पेयजल स्टॉल, फर्स्ट एड पोस्ट, रेन शेल्टर और रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
मेट्रो स्टेशन से शटल बस की सुविधा
अमृत उद्यान पहुंचने वाले लोगों के लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से शटल बस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
शटल बस हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी।
इससे दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों को राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
राष्ट्रीय खेल दिवस और शिक्षक दिवस पर विशेष प्रवेश
समर एनुअल्स के दौरान खिलाड़ियों और शिक्षकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को विशेष प्रवेश दिया जाएगा।
करीब 100 साल पुराना है अमृत उद्यान
राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित यह ऐतिहासिक उद्यान करीब 100 साल पुराना है।
इसे वर्ष 1928-29 में तैयार किया गया था और लंबे समय तक इसे ‘मुगल गार्डन’ के नाम से जाना जाता था।
वर्ष 2023 में इसका नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ कर दिया गया।
अब यह उद्यान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और आम लोगों के लिए दिल्ली के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष के समर एनुअल्स संस्करण-2026 का औपचारिक उद्घाटन किया है। इसके बाद 16 अगस्त से आम लोगों के लिए उद्यान के दरवाजे खोल दिए गए हैं।
एक महीने तक प्रकृति के बीच घूमने का मौका
समर एनुअल्स-2026 के दौरान दिल्लीवासियों और देशभर से आने वाले पर्यटकों को करीब एक महीने तक अमृत उद्यान की प्राकृतिक खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा।
देशी फूलों और पौधों से लेकर तितलियों, पुष्प घड़ी, जलधारा और ऐतिहासिक उद्यान की खूबसूरती तक यहां लोगों के लिए कई आकर्षण मौजूद हैं।
हालांकि, उद्यान में जाने से पहले ऑनलाइन स्लॉट बुक करना जरूरी है।















Leave a Reply