अंतिम संस्कार पर विवाद
हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के करीब तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, सिरचंदी गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन महीने पहले सिसौना गांव निवासी युवक से हुई थी।
बताया गया कि दोनों की शादी उनकी पसंद और परिवारों की सहमति से हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद ही विवाहिता की अचानक मौत हो गई।

अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्षों में विवाद
पोस्टमार्टम के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्ष शव का अंतिम संस्कार अपने स्तर पर करना चाहते थे। इस दौरान मोर्चरी के बाहर तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप हुए।
बाद में मायके पक्ष शव को अपने साथ ले गया और अंतिम संस्कार किया।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
भगवानपुर थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मायके पक्ष शव लेकर चला गया है।
अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही नवविवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।















Leave a Reply