जनपद में खेल महाकुंभ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है।
खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ना है।
इसके साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी लक्ष्य है।
युवाओं को नशे से दूर रखने और फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
सितंबर में तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे।
न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर तक आयोजित होंगी।
इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।
विधानसभा स्तर पर 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जाएगी।
इसमें न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट के साथ वॉलीबॉल और पिट्ठू प्रतियोगिताएं भी होंगी।
संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर तक होगी।
इसमें विधानसभा स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्ठू के मुकाबले होंगे।
इसके अलावा मलखम्ब, रस्सा-कस्सी, गोली-कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन भी आयोजित किए जाएंगे।
विजेताओं को नकद पुरस्कार और मेडल
न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 300 रुपये मिलेंगे।
दूसरे स्थान के लिए 200 और तीसरे स्थान के लिए 150 रुपये दिए जाएंगे।
विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये मिलेंगे।
खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल और विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी भी दी जाएगी।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम विजेता को 800 रुपये मिलेंगे। द्वितीय स्थान पर 600 और तृतीय स्थान पर 400 रुपये दिए जाएंगे।
इसके साथ प्रमाण पत्र, मेडल और सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
पुरस्कार राशि खिलाड़ियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
खेल महाकुंभ में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
खिलाड़ियों को पंजीकरण के दौरान अपनी सही जानकारी दर्ज करने की सलाह दी गई है।
















Leave a Reply