पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों और शिक्षकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) की चमोली जिला कार्यकारिणी की बैठक गौचर में आयोजित हुई।
बैठक में 13 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर रणनीति तैयार की गई।
चमोली से एक हजार कर्मचारी-शिक्षक होंगे शामिल
NMOPS जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के सभी विकासखंडों से कर्मचारियों और शिक्षकों
की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। संगठन ने करीब एक हजार कर्मचारी-शिक्षकों को मुख्यमंत्री आवास कूच में
शामिल कराने का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए प्रत्येक विकासखंड को करीब 100 कर्मचारी-शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन का कहना है कि व्यापक भागीदारी के जरिए पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती दी जाएगी।
‘सुरक्षित भविष्य की गारंटी है पुरानी पेंशन’
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार होने के साथ-साथ
उनके सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। उन्होंने कर्मचारियों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की।
NMOPS जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा
मुद्दा है। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारियों को एकजुट होकर आंदोलन को व्यापक रूप देना होगा।
कर्मचारियों ने सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप
जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष किसी एक विभाग तक सीमित नहीं है।
यह सभी कर्मचारियों का साझा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड से अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी आंदोलन को नई ताकत देगी।
बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनकी पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है।
कर्मचारियों ने आगामी आंदोलन को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
आगामी आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में 13 सितंबर के मुख्यमंत्री आवास कूच के साथ संगठन की आगामी रणनीति और सभी विकासखंडों में कर्मचारियों की
भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान महिपाल सिंह चौहान, दिनेश बधानी, नरेंद्र कुंवर, राजेंद्र चंद्र कंसवाल, भोला दत्त सिरस्वाल, गजेंद्र बिष्ट, शिव दर्शन
सिंह नेगी, पानू चौहान, अल्का शाह, सुनील राज, संजय बिष्ट, लक्ष्मी कंडारी समेत कई कर्मचारी और शिक्षक नेता मौजूद रहे।















Leave a Reply