वृंदावन के वाराहघाट क्षेत्र स्थित एक आश्रम में शुक्रवार को 25 वर्षीय युवा साधु दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध
परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि साधु ने आश्रम की चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग
लगा दी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक को प्रेमानंद महाराज का दीक्षित शिष्य बताया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू
कर दी है। मामले में आत्महत्या समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है।
कमरे से खून से सना ग्राइंडर और डायरी मिली
पुलिस के अनुसार, मृतक के कमरे से एक डायरी और खून से सना ग्राइंडर बरामद हुआ है। पुलिस ने मोबाइल
फोन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले इन सामानों के आधार पर पुलिस घटना से
जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोटें थीं। रिपोर्ट के अनुसार उसका निजी अंग भी कटा हुआ पाया गया, जिसके कारण
पुलिस मामले को केवल इमारत से गिरने की घटना मानकर जांच नहीं कर रही है। यह चोट कैसे लगी और घटना
से उसका क्या संबंध है, इसका पता जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
करीब दो साल से आश्रम से जुड़ा था साधु
जानकारी के मुताबिक दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला था और करीब दो
साल से संत प्रेमानंद के परिकर से जुड़ा था। दीक्षा लेने के बाद वह वाराहघाट क्षेत्र में स्थित चार मंजिला इमारत में
रह रहा था, जहां प्रेमानंद महाराज के दीक्षित शिष्य रहते हैं।
शुक्रवार सुबह इमारत की ऊपरी मंजिल से उसके गिरने के बाद आश्रम में हड़कंप मच गया।
घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी अस्पताल से मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची
और जांच शुरू की। पुलिस इमारत और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती
जानकारी में युवक के ऊपरी मंजिल से छलांग लगाने की बात सामने आई है, लेकिन उसने ऐसा क्यों किया,
यह अभी स्पष्ट नहीं है।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की डायरी और मोबाइल की जांच की जा रही है,
ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और उसके पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
आत्महत्या या कोई दूसरा एंगल, जांच जारी
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने खुद छलांग लगाई थी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण
था। शरीर पर मिली चोट और कमरे से बरामद सामान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट,
फॉरेंसिक जांच, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।















Leave a Reply