पटेलनगर के हरभजवाला क्षेत्र में पुलिस ने किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा किया है।
पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में कथित तौर पर इस पूरे रैकेट का सरगना भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, एक अक्तूबर को मुखबिर से नीलकंठ एन्क्लेव स्थित एक मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान छह लोग मिले।
मौके से 18 हजार रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दवाइयां बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
दिल्ली से महिलाओं को बुलाने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर कथित रूप से यह गतिविधि संचालित की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, कथित सरगना दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग पर देहरादून बुलाता था।
पुलिस का कहना है कि ग्राहकों से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया जाता था। उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं।
ग्राहक की पसंद के बाद महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है।
मसूरी घुमाने के बहाने लाई गई नाबालिग
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को भी रेस्क्यू किया। पुलिस के अनुसार, उसे दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था।
आरोप है कि बाद में उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस के मुताबिक, विरोध करने पर नाबालिग को कमरे में रोककर रखा गया था।
पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर संरक्षण में लिया है।
मामले में पटेलनगर कोतवाली में पॉक्सो और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब कथित रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।















Leave a Reply