जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के लिए पौड़ी गढ़वाल में चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशानुसार 12 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
मतदान और मतगणना 16 अक्टूबर को कराई जाएगी।
12 अक्टूबर से नामांकन, 16 को आएंगे नतीजे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
16 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।
मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की बिक्री, जमा करने, जांच और मतदान की प्रक्रिया विकास भवन के कक्ष संख्या 1, 2, 3 और 4 में होगी।
वहीं, चारों प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना विकास भवन सभागार में कराई जाएगी।
आचार संहिता लागू, नई योजनाओं की घोषणा पर रोक
निर्वाचन अधिसूचना जारी होने से चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने और सार्वजनिक स्थानों पर सूचना चस्पा कराने के निर्देश दिए हैं।
आचार संहिता के दौरान निर्वाचित सदस्य और उम्मीदवार भोज, उपहार या भेंट नहीं दे सकेंगे।
निर्वाचकों और उम्मीदवारों के लिए भी उपहार स्वीकार करने पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा नई योजनाओं की घोषणा और नई वित्तीय स्वीकृतियां जारी नहीं की जा सकेंगी।
हालांकि, पहले से स्वीकृत और संचालित योजनाओं पर रोक नहीं होगी।
गरीबी उन्मूलन, रोजगार, आवास और किसानों के हित में संचालित केंद्र सरकार की योजनाएं भी जारी रहेंगी।
दैवीय आपदा, पुनर्वास और आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्यों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
जिला योजना समिति का निर्वाचन उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 और जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के तहत संपन्न कराया जाएगा।















Leave a Reply