5.64 करोड़ के भवन का लोकार्पण
पहाड़ के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने के बजाय अपने गांव में ही कमाई के अवसर मिलें, इसके लिए हुनर और प्रशिक्षण अहम हैं।
इसी दिशा में रैंतोली में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का नया भवन तैयार किया गया है।
बुधवार को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने 5.64 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण किया।
नए भवन में प्रशिक्षणार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप, प्रशिक्षण कक्ष, दो डॉरमेट्री हॉल और किचन की सुविधा है।
इससे दूरदराज के गांवों से आने वाले युवक-युवतियों को प्रशिक्षण के दौरान रहने और भोजन की व्यवस्था के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
भवन का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग ने किया है। इसके लिए राज्य सरकार ने भूमि उपलब्ध कराई, जबकि निर्माण में भारतीय स्टेट बैंक का सहयोग रहा।

सिर्फ हुनर नहीं, कारोबार चलाने की भी मिलेगी सीख
आरसेटी में युवाओं और महिलाओं को केवल किसी काम का कौशल सिखाने तक प्रशिक्षण सीमित नहीं है।
यहां व्यवसाय शुरू करने, बाजार की मांग समझने, उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने, विपणन और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी भी दी जाती है।
इसका उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को अपना उद्यम स्थापित करने और नियमित आजीविका कमाने के लिए तैयार करना है।
लोकार्पण के दौरान मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को स्थानीय संसाधनों और
उनकी रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने
और उन्हें लखपति दीदी से आगे करोड़पति दीदी बनने के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही।

रेल लाइन और पर्यटन से खुलेंगे कारोबार के अवसर
मंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पूरी होने के बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
इससे पर्यटन और सेवा क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर विकसित हो सकते हैं।
ऐसे में युवाओं को समय रहते प्रशिक्षित करना जरूरी है, ताकि वे इन संभावनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में आरसेटी से प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार शुरू करने वाले उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया।
इनमें बेकरी व्यवसाय से सोहन सिंह बिष्ट, मशरूम उत्पादन से बबीता रावत, ट्रैक सूट निर्माण से पंकज बिष्ट,
पोल्ट्री फार्मिंग से सौरभ नेगी, ब्यूटी पार्लर संचालन से प्रमिला देवी और डेयरी फार्मिंग से राजी भट्ट शामिल रहे।
स्वयं सहायता समूह जय मां संतोषी और मातृभूमि संगठन की महिलाओं को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत,
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

















Leave a Reply