रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश का बड़ा आरोप

फोन टैपिंग और परिवार की सुरक्षा पर जताई चिंता

हल्द्वानी: कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं।

उन्होंने प्रदेश में कथित तौर पर सक्रिय एक शक्तिशाली नेटवर्क पर फोन टैपिंग और एआई के जरिए

बातचीत की रिकॉर्डिंग व वीडियो वायरल करने की आशंका जताई।

विधायक ने दावा किया कि उनके परिवार के सदस्यों के फोन भी टैप किए जा रहे हैं।

उन्होंने अपनी गाड़ी का हादसा कराए जाने की आशंका भी व्यक्त की।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुमित हृदयेश भावुक नजर आए।

उन्होंने कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से आशंकाओं के बीच जी रहे हैं।

उन्हें खुद के साथ अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। हालांकि, उन्होंने कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए।

विधायक ने कहा, “मार भी दोगे मुझे, तो कई सुमित हृदयेश खड़े हो जाएंगे।”

उन्होंने इशारों में कुछ प्रभावशाली लोगों के समूह की ओर निशाना साधा।

साथ ही दावा किया कि कांग्रेस के दो बड़े नेताओं को इस मामले की जानकारी है, लेकिन उन्होंने उनके नाम बताने से परहेज किया।

मुख्यमंत्री और एसएसपी से शिकायत का दावा

सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि कथित नेटवर्क में कुछ निजी कंपनियों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है।

उन्होंने आशंका जताई कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से उनकी बातचीत की रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर वायरल किए जा सकते हैं।

विधायक के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत की है।

उन्होंने अप्रैल 2025 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देने की बात भी कही।

हालांकि, उनकी शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और आरोपों की जांच में क्या सामने आया, इसकी आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

गैरसैंण विधानसभा सत्र में आत्मदाह की चेतावनी

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो वह गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।

पूर्व मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश के पुत्र सुमित हृदयेश की इस प्रेस वार्ता के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि, विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और शासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

https://youtu.be/2GhRDtqQKaw?si=vv7uXO5xA2sTWCvt
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *