बोले- भाजपा ने अपने ही मंत्रियों को अपमानित किया
उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के ‘गधे-घोड़े’ वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है।
कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने इस बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि मनवीर चौहान ने इस तरह की टिप्पणी करके अपने पद की गरिमा को हल्का किया है।
हरक सिंह ने सवाल उठाया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर टिप्पणी के जरिए क्या भाजपा ने अपनी ही सरकार के मंत्रियों को अपमानित नहीं किया?
हरक सिंह रावत ने कहा कि मनवीर चौहान खुद 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में
यमुनोत्री सीट से टिकट के दावेदार रहे, लेकिन भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति को उनकी अपनी पार्टी ने चुनाव लड़ने का अवसर नहीं दिया, वह आज इस तरह के बयान दे रहा है।
हरक सिंह ने यह भी कहा कि बयान पर भाजपा के मंत्रियों की चुप्पी हैरान करने वाली है।
हरक सिंह ने इन मंत्रियों का लिया नाम
हरक सिंह रावत ने कहा कि मनवीर चौहान के बयान को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं तक सीमित नहीं माना जा सकता।
उनके मुताबिक, इस टिप्पणी से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा और रेखा आर्य जैसे नेताओं की स्थिति पर भी सवाल उठते हैं।
उन्होंने कहा कि इन मंत्रियों की ओर से बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आना दुखद है।
हरक सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यदि मंत्री पद पर बैठे नेताओं को इस तरह की टिप्पणी के
बावजूद आपत्ति नहीं है, तो यह राजनीतिक रूप से गंभीर सवाल खड़ा करता है।
क्या था मनवीर चौहान का बयान
दरअसल, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में रहते हुए इन नेताओं के विचार ‘गधे-घोड़े’ जैसे थे, लेकिन भाजपा में आने के बाद उनके विचारों में सुधार हुआ।
उन्होंने भाजपा को विचारधारा आधारित पार्टी बताते हुए यह बात कही थी।
इसी बयान को लेकर हरक सिंह रावत ने पलटवार किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता अपनी ही पार्टी के मंत्रियों और कांग्रेस से भाजपा में आए नेताओं के सम्मान का ध्यान नहीं रख रहे हैं।
फिलहाल ‘गधे-घोड़े’ वाले बयान पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
मनवीर चौहान के बयान पर हरक सिंह रावत की प्रतिक्रिया ने उत्तराखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
















Leave a Reply