चंपावत जिले में बर्फबारी देखने उत्तराखंड आए उत्तर प्रदेश के पर्यटकों का वाहन खाई में गिर गया। हादसा सुखीढांग क्षेत्र के पास देर रात हुआ, जब कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।
दुर्घटना की सूचना रात करीब 12:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली। सूचना मिलते ही टनकपुर से एसडीआरएफ टीम मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान पता चला कि वाहन महिंद्रा XUV 700 था। हादसे के बाद पांच लोग खुद खाई से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो पर्यटकों-एक महिला और एक पुरुष को हल्की चोटें आईं।
दोनों घायलों को एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
घायलों की पहचान अभिषेक वर्मा (24 वर्ष) और दर्शिका वर्मा (17 वर्ष), निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक चंपावत जिले में बर्फबारी देखने आए थे।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बीते दिनों भारी बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों से पहाड़ी सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है, क्योंकि बर्फ और पाले के कारण सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं।
















Leave a Reply