सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जान से मारने की धमकी से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
₹2 लाख का इनाम घोषित करने की धमकी से मचा हड़कंप
मामला 8 फरवरी 2026 का है, जब दीपक कुमार, निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए ₹2 लाख का इनाम घोषित करने संबंधी पोस्ट प्रसारित की है।
गंभीरता को देखते हुए तत्काल दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जांच के आधार पर धमकी भरा पोस्ट प्रसारित करने वाले युवक की पहचान उत्कर्ष कुमार, निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में की गई।
बिहार पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई
पौड़ी पुलिस ने बिहार पुलिस से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की। बिहार पुलिस के सहयोग से आरोपी को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम तथ्य सामने आए।
व्यूज और रीच बढ़ाने के लिए बनाया था आपत्तिजनक वीडियो
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर फॉलोवर्स कम थे और दीपक नामक व्यक्ति सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था।
इसी वजह से उसने केवल अपने सोशल मीडिया चैनल की व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया। आरोपी ने यह भी दावा किया कि वीडियो में व्यक्त की गई जान से मारने की धमकी का कोई वास्तविक आपराधिक इरादा नहीं था।
आरोपी के खिलाफ जारी है वैधानिक कार्रवाई
पौड़ी पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















Leave a Reply