सीओ भवाली पर विभागीय जांच, थानाध्यक्ष निलंबित
नैनीताल जिले के बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग मामले पर राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड ने सख्त एक्शन लिया है। आयोग ने भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह के खिलाफ विभागीय जांच की कार्रवाई शुरू की है।
वहीं, बेतालघाट थानाध्यक्ष अनीश अहमद को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति उत्तराखंड शासन को भेजी गई है।
गौरतलब है कि 14 अगस्त को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी समर्थक ने पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की थी।

इस घटना में मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और क्षेत्र पंचायत सदस्य जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी में महेंद्र सिंह बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अभी भी इलाज चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से दो वाहन भी सीज किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सिंह रावत, यश भटनागर, वीरेंद्र आर्य, रविंद्र कुमार, प्रकाश भट्ट और पंकज पपोला शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की हिंसा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















Leave a Reply