रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भराड़ीसैण में समीक्षा बैठक आयोजित

अभिषेक रावत

21 जून को मनाए जाने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के मद्देनजर, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में विधानसभा भराड़ीसैण में जनपद चमोली के सभी अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर सचिव ने अधिकारियों को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10 देशों के राजदूत प्रतिभाग करेंगे साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और प्रचार-प्रसार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ आमजनमानस के द्वारा भी प्रतिभाग किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर बैठक लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को 19 जून तक सारी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।

बरसात के मौसम को देखते हुए जर्मन हेंगर की व्यवस्था करने, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कार्यक्रम समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हों। उन्होंने कहा कि योग दिवस के आयोजन से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ,अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगण,पुलिस उपअधीक्षक अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

https://youtu.be/sLJqKTQoUYs?si=_Cc4mkybXFBKVPtb
Website |  + posts
2 comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: