14 अप्रैल को PM के दौरे से पहले तैयारियों की समीक्षा
कार्यक्रम को जन-उत्सव बनाने के निर्देश
पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के
उत्तराखण्ड आगमन एवं दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को राज्य के इतिहास का “स्वर्णिम अध्याय” बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनभागीदारी से कार्यक्रम को भव्य बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि यह कार्यक्रम जन-उत्सव का रूप ले सके।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी उत्तराखण्ड की झलक
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भव्य बनाने पर जोर देते हुए कहा कि गढ़वाली, कुमाऊनी
एवं जौनसारी लोकनृत्य और संगीत के माध्यम से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया जाए।
कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से सजाने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता अभियान और रोड शो में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोग राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल होकर इस आयोजन को उत्सव का रूप दें।
इकोनॉमिक कॉरिडोर से विकास को मिलेगी नई गति
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा देगा।
इस परियोजना से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में कमी आएगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी शामिल थे।
















Leave a Reply