श्रीनगर (गढ़वाल) में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन के भीतर गंगा दर्शन क्षेत्र में दो अलग-अलग लोगों पर हमला हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे आंचल डेयरी निवासी 39 वर्षीय जयदेव सिंह रावत रोज की तरह गंगा दर्शन बैंड के पास टहल रहे थे। उसी दौरान एक गुलदार अचानक सड़क के ऊपर पहाड़ी से छलांग लगाकर उन पर झपट पड़ा।
जयदेव सिंह ने साहस दिखाते हुए गुलदार से संघर्ष किया और आसपास टहल रहे युवाओं की मदद से किसी तरह अपनी जान बचाई। इस हमले में उन्हें गले, पीठ और छाती पर गहरे घाव आए हैं। उन्हें उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पहले दिन रोबिन कैतूरा पर हुआ था हमला
इससे ठीक एक दिन पहले बुधवार शाम को भी इसी स्थान पर उफाल्डा निवासी रोबिन कैतूरा पर गुलदार ने हमला किया था। वह इवनिंग वॉक पर थे, तभी गुलदार ने उन पर झपट्टा मारा। रोबिन को गंभीर हालत में बेस हॉस्पिटल श्रीकोट में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
इलाके में डर और सतर्कता का माहौल
दोनों घटनाएं एक ही स्थान पर और लगभग एक ही समय पर हुई हैं, जिससे स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं। अब शाम होते ही लोग गंगा दर्शन क्षेत्र की ओर जाने से कतरा रहे हैं। खासकर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग खुद को घरों तक सीमित रखने लगे हैं। रोजमर्रा की दिनचर्या पर भी असर पड़ने लगा है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी ने इस मामले में वन मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर बात की है। उन्होंने क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसे हमलों पर रोक लगाई जा सके।
















ऑपरेशन कालनेमी: पाखंड के विरुद्ध एक निर्णायक कदम - रीजनल रिपोर्टर
[…] गुलदार का आतंक: श्रीनगर में लगातार दूस…https://regionalreporter.in/leopard-attack-in-srinagar-for-the-second-consecutive-day/ https://youtu.be/sLJqKTQoUYs?si=0_PvPBH6TOCwtb_XShare this… […]