पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह आसपास के दुकानदारों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है, जबकि दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।
कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो इसकी सूचना तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को दी गई।
45 वर्षीय व्यापारी की हुई पहचान
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
व्यापारियों में शोक, हर पहलू से जांच
घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि किसी व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने लाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, वहीं मृतक के परिवार में घटना के बाद शोक की लहर है।

















Leave a Reply