मीनाक्षी नेगी और दिगंबर सिंह ने जीता स्वर्ण
स्पेन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
दिल्ली में 7 और 8 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय स्तर की 100 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन प्रतियोगिता में
उत्तराखंड के दो युवा धावकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है।
दोनों खिलाड़ियों ने न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि वर्ल्ड चैंपियनशिप (स्पेन) के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
इस उपलब्धि से पौड़ी जनपद सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।
मीनाक्षी नेगी ने बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
पौड़ी जिले के थली गांव की मीनाक्षी नेगी ने महिला वर्ग में 100 किलोमीटर की दौड़
8 घंटे 33 मिनट में पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया।
इससे पहले इस प्रतियोगिता का रिकॉर्ड 8 घंटे 43 मिनट था, जिसे मीनाक्षी ने 10 मिनट पहले दौड़
पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।
मीनाक्षी पिछले ढाई वर्षों से पौड़ी के हाई एल्टीट्यूड रांसी स्टेडियम में कोच रूपेश यादव के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं।
उन्होंने इससे पहले आदि कैलाश 60 किमी मैराथन और गुजरात बीएसएफ मैराथन में भी प्रथम स्थान हासिल किया है।
अब उनका लक्ष्य स्पेन में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप है।
दिगंबर सिंह ने पुरुष वर्ग में जीता गोल्ड
चमोली जिले के दिगंबर सिंह ने पुरुष वर्ग में 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन 7 घंटे 38 मिनट में पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यह उनकी पहली 100 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन थी, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता।
दिगंबर पिछले डेढ़ साल से रांसी मैदान में रोजाना 3 से 4 घंटे अभ्यास कर रहे हैं।
अब वे भी स्पेन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हाई एल्टीट्यूड प्रशिक्षण का असर
दोनों खिलाड़ी पौड़ी स्थित रांसी स्टेडियम, जो हाई एल्टीट्यूड क्षेत्र में स्थित है, में नियमित प्रशिक्षण लेते हैं।
कोच रूपेश यादव के अनुसार ऊंचाई पर अभ्यास करने से खिलाड़ियों की सहनशक्ति और प्रदर्शन क्षमता में सुधार होता है,
जिसका लाभ उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मिला।
कोच ने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए
कहा कि अब विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा रहा है।
अब नजरें स्पेन वर्ल्ड चैंपियनशिप पर
दिल्ली में मिली इस ऐतिहासिक सफलता के बाद दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप (स्पेन)
के लिए हुआ है। वहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
















Leave a Reply