शहर के भीड़भाड़ वाले मच्छी बाजार में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सिरफिरे युवक ने सरेआम युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले से जान-पहचान, पीछा और धमकी का मामला आया सामने
जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। कुछ समय पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी,
जिसके बाद आरोपी लगातार उसका पीछा करने लगा और जान से मारने की धमकियां देने लगा।
युवती ने इस संबंध में खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
चापड़ लेकर आया आरोपी, बाजार में की हत्या
सोमवार को आरोपी घर से चापड़ लेकर आया और भीड़भाड़ वाले बाजार में ही युवती पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार, निवासी मन्नुगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर ली है।
कोर्ट में पेशी के दौरान भड़के वकील, आरोपी की पिटाई
जब पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने ले गई, तो वहां मौजूद अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। वकीलों ने आरोपी को घेरकर पीट दिया।
पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभालते हुए आरोपी को सुरक्षित न्यायालय परिसर के भीतर पहुंचाया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
घटना से समाज के हर वर्ग में आक्रोश है। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



















Leave a Reply