रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

हरिद्वार में ग्राम प्रधान के घर हमला

20 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से बोला धावा, 15 से ज्यादा घायल

हरिद्वार जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित रावली महदूद गांव में होली के दिन उस समय अफरा-तफरी मच गई,

जब 20 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के आवास पर धावा बोल दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की और घर का सामान भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस हमले में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए।

घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक कई वाहनों में सवार होकर गांव में पहुंचे

और सीधे ग्राम प्रधान के घर पर हमला बोल दिया।

घर के अंदर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया।

बताया जा रहा है कि इस हमले में महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की गई,

जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की और काफी देर तक उत्पात मचाया।

पुरानी रंजिश बताई जा रही हमले की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक ग्राम प्रधान और हमलावरों के बीच पहले से किसी विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी।

इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।

हमले में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल और उनके भाई मनोज कुमार को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

वहीं बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के भी कुछ लोग इस झड़प में घायल हुए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में कई लोग घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इसी वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं ग्राम प्रधान के समर्थकों ने मौके पर हंगामा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है,

और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

https://regionalreporter.in/youth-dies-on-moti-chur-flyover/

https://youtu.be/otMBugi93uc?si=EFP4kZ2D7-1ZCDBm

Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *