यूनिवर्सिटी कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में आयोजित युवा फेस्ट कार्यक्रम के दौरान पुलिस और
एक युवक के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस
महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी ने लिया त्वरित एक्शन
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक दरोगा और एक एएसआई को
लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बिना अनुमति जुटी भीड़, लगा जाम
जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी में एक गायक के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, लेकिन प्रशासन ने बड़े आयोजन की अनुमति नहीं दी थी।
इसके बावजूद संस्थान के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया।
बहस के बाद बिगड़ी स्थिति
जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों और अन्य युवकों को वाहन हटाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान एक युवक पुलिस से उलझ गया और बहस करने लगा। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पकड़कर किया गया लाठीचार्ज
युवक के भागने की कोशिश करने पर पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर
लाठियों से पीटा। घटना में युवक के बेहोश होने की बात सामने आई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बयान में इसे “हल्का बल प्रयोग” बताया है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के दौरान यह घटना हुई।
फिलहाल, मामले की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply