रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

डोईवाला के निजी स्कूल के चार छात्र लापता, परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचे छात्र

डोईवाला क्षेत्र के माजरी स्थित एक निजी विद्यालय के चार छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए।

स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

कक्षा सात के छात्र बताए जा रहे लापता

जानकारी के अनुसार, लापता हुए चारों छात्र कक्षा सात के विद्यार्थी हैं और आपस में मित्र बताए जा रहे हैं।

इनमें से तीन छात्र रोजाना स्कूल बस से घर लौटते थे, जबकि एक छात्र साइकिल से स्कूल आता-जाता था।

बताया जा रहा है कि छुट्टी के बाद चारों छात्र स्कूल बस में सवार नहीं हुए।

परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

देर शाम तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

तलाश के दौरान पता चला कि चारों छात्र स्कूल परिसर से बाहर निकल चुके थे।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बच्चों के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल परिसर के बाहर एकत्र हो गए।

लोगों ने विद्यालय प्रबंधन पर छुट्टी के बाद बच्चों की निगरानी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।

सीसीटीवी फुटेज में साथ जाते दिखे छात्र

बताया गया कि स्कूल की छुट्टी दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी, लेकिन देर रात तक भी छात्र अपने घर नहीं पहुंचे।

लापता छात्रों में एक छात्र शेरगढ़, एक माजरी और दो डोईवाला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई है, जिसमें चारों छात्र साथ जाते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने तेज की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान तेज कर दिया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बाहरी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

लालतप्पड़ पुलिस चौकी प्रभारी आदित्य सैनी ने बताया कि छात्रों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों की जानकारी साझा कर लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है।

पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को छात्रों के संबंध में कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

https://regionalreporter.in/bageshwar-dham-sarkar-arrives-at-badrinath-dham/
https://youtu.be/SygpkgP062w?si=rOZEm7LWlt5-hMHl
Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *