विकासखंड खिर्सू के कठाखोली क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल की आग प्राथमिक विद्यालय परिसर तक पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में
हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलते हुए विद्यालय के आसपास तक पहुंची, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की
टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बंद पड़ा है प्राथमिक विद्यालय
ग्राम प्रधान विजेंद्र सिंह उर्फ विक्की रावत ने बताया कि कठाखोली प्राथमिक विद्यालय पिछले कुछ वर्षों से छात्र संख्या शून्य होने
के कारण बंद पड़ा है। विद्यालय में किसी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि नहीं चल रही थी, जिससे आग की घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
भवन और वन संपदा को नुकसान की आशंका
हालांकि आग विद्यालय परिसर तक पहुंचने से भवन और आसपास की वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही।
ग्रामीणों ने आग फैलने की सूचना तत्काल वन विभाग को दी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का
अभियान शुरू किया।
ग्रामीणों ने उठाई प्रभावी रोकथाम की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र में लगातार जंगल की आग की घटनाएं सामने आ रही हैं।
इससे वन संपदा, ग्रामीण बस्तियों और सरकारी परिसंपत्तियों को खतरा बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग ने चलाया बुझाने का अभियान
वन विभाग की टीम ने देर शाम तक आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया।
विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में निगरानी जारी रखी जा रही है।

लेखिका बीते ढाई दशक से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं.वर्ष 2015 से रीजनल रिपोर्टर के संपादक के पद पर कार्यरत हैं.















Leave a Reply