उत्तराखंड में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच चल रहे विवाद को देखते हुए राज्य पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह
सतर्क हो गई हैं। निहंगों द्वारा उत्तराखंड कूच के ऐलान के बाद देहरादून जिले के हिमाचल प्रदेश से सटे कुल्हाल बॉर्डर पर हाई
अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया गया है।
कुल्हाल बॉर्डर बना अस्थायी पुलिस छावनी
हिमाचल प्रदेश से सटे विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी
गई है। क्षेत्र को अस्थायी पुलिस छावनी का रूप दे दिया गया है। देर रात से ही पुलिस की टीमें सीमाओं, नगर और ग्रामीण
इलाकों में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही हैं।
वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच
क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही
है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया भी जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर
पैनी नजर बनाए हुए हैं।
बिना अनुमति सीमा में प्रवेश नहीं
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समूह को आवश्यक जांच और अनुमति के बिना उत्तराखंड की
सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़
करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डाकपत्थर और बैराज क्षेत्रों में भी बढ़ी निगरानी
कुल्हाल बॉर्डर के अलावा डाकपत्थर पुल, डाकपत्थर बैराज और हिमाचल से जुड़े अन्य संपर्क मार्गों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा
बल तैनात किए गए हैं। इन क्षेत्रों को संवेदनशील मानते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अफवाहों से बचने की अपील
दून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा
अभियान किसी विशेष समुदाय को लक्षित करने के लिए नहीं बल्कि शांति, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित
करने के लिए चलाया जा रहा है। नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारी कर रहे निगरानी
एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा
प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
















Leave a Reply