रैगिंग पर सख्ती के निर्देश, शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर हुई अहम बैठक
हेमवती नन्दन बहुगुणा (एचएनबी) गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिरला परिसर स्थित
नियंता मंडल कार्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के मद्देनज़र प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य नियंता प्रोफेसर दीपक कुमार ने की, जिसमें परिसर की सुरक्षा,
अनुशासन और सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
रैगिंग पर रहेगा जीरो टॉलरेंस
बैठक में तय किया गया कि विश्वविद्यालय में रैगिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और यूजीसी के एंटी-रैगिंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर छात्रावासों और संवेदनशील क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा।
बिरला और चौरास परिसर में नियमित निगरानी
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य नए सत्र के दौरान बिरला और चौरास परिसरों में नियमित भ्रमण करेंगे।
शैक्षणिक भवनों, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रवेश द्वार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी रखी जाएगी।
छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम
नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए रैगिंग निषेध, लैंगिक संवेदनशीलता, नैतिक आचरण
और विश्वविद्यालय की आचार संहिता से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही, परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
बैठक में विश्वविद्यालय सुरक्षा प्रकोष्ठ, छात्रावास अधीक्षकों, विभागाध्यक्षों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
साथ ही सीसीटीवी प्रणाली की नियमित समीक्षा, प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विशेष निगरानी और सभी छात्रों के लिए पहचान-पत्र साथ रखना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया।
मुख्य नियंता ने दिया जिम्मेदारी से कार्य करने का संदेश
मुख्य नियंता प्रोफेसर दीपक कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी सदस्यों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
















Leave a Reply