जानें आपके जिले में कहां खुलेंगी, सहकारिता विभाग ने 41 में से 34 प्रस्ताव किए स्वीकृत
उत्तराखंड सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए बड़ा फैसला लिया है।
सहकारिता विभाग ने प्रदेशभर में जिला सहकारी बैंक की 34 नई शाखाएं खोलने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।
इन शाखाओं के शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी
और उन्हें दूसरे कस्बों या शहरों की शाखाओं तक नहीं जाना पड़ेगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कदम
सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इसी उद्देश्य से जिला सहकारी बैंकों के नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है, ताकि किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों,
लघु उद्यमियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर वित्तीय सेवाएं मिल सकें।
41 प्रस्ताव मिले, 34 को मिली मंजूरी
विभाग को विभिन्न जिलों से 41 नई शाखाएं खोलने के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से 34 प्रस्ताव स्वीकृत कर दिए गए हैं, जबकि 7 प्रस्ताव अपूर्ण पाए गए।
हरिद्वार जिले के पांच प्रस्तावों को आवश्यक संशोधन के बाद दोबारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन स्थानों पर खुलेंगी नई शाखाएं
अल्मोड़ा: कुवाली, चमड़खाल, नागचुलाखाल
देहरादून: छिद्दरवाला, त्यूनी, भाऊवाला, मालदेवता, आईटी पार्क सहस्त्रधारा
पौड़ी: नौठा, पौखाल, सिगड्डी
नैनीताल: ज्योलीकोट, कुसुमखेड़ा
हल्द्वानी: गैस गोदाम रोड
पिथौरागढ़: सूखीढांग, रीठाखाल, खिरमांडे, चंडाक, जाखनी
टिहरी: धनौल्टी, मलेथा, पावकीदेवी, बगियालगांव
ऊधम सिंह नगर: पंतनगर, महुआडाबरा, सुल्तानपुर पट्टी, बगवाड़ा, नंदपुर, खेमपुर
उत्तरकाशी: कोटधार, धारी कलोगी, सांकरी
चमोली: माईथान, लंगासू और नगरासू
आरबीआई की मंजूरी के बाद शुरू होगा संचालन
धन सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं।
नई शाखाओं के खुलने से सहकारी बैंकिंग नेटवर्क और मजबूत होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
विभाग ने सभी स्वीकृत प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भेज दिए हैं। आरबीआई से अनुमति मिलते ही नई शाखाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।















Leave a Reply