मौत का आंकड़ा 8 पहुंचा; 2 की तलाश जारी
पीपलकोटी में मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद
लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शनिवार को भी जारी रहा।
रेस्क्यू टीमों को एक और बड़ी सफलता मिली है।
टनल से एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया है।
इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता हैं।
एक और श्रमिक का शव बरामद
पीपलकोटी चौकी प्रभारी लक्ष्मीकांत बिजलवाण ने बताया कि लापता तीन श्रमिकों में से एक का शव शनिवार को बरामद किया गया।
मृतक की पहचान देवनाथ पुत्र धनसु राम बघेल, निवासी ग्राम दहीगोंडा, पोस्ट ऑफिस दहीगोंडा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
शव बरामद होने के बाद उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे के बाद से ही रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर लापता श्रमिकों की तलाश में जुटी हुई हैं।
टनल में पानी बना रेस्क्यू में बड़ी चुनौती
लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। टनल के भीतर कई संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि, टनल में बड़ी मात्रा में पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है।
जैसे-जैसे पानी का स्तर कम होगा, टनल के अंदर रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
इसके बाद संभावित स्थानों तक पहुंचकर सर्च अभियान को और तेज किया जा सकेगा।
SDRF-NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं
हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ टनल के भीतर संभावित स्थानों पर लापता श्रमिकों की तलाश कर रही हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल टनल के अंदर फंसे दोनों श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।
अब तक 8 मजदूरों की मौत, 12 सुरक्षित निकाले गए
पीपलकोटी टनल हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है।
मृतकों में उत्तर प्रदेश के 3, उत्तराखंड के 2 और छत्तीसगढ़ के 3 मजदूर शामिल हैं।
वहीं, हादसे के बाद 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
इनमें से 11 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोट होने के कारण अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
फिलहाल दो मजदूर टनल के अंदर लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
















Leave a Reply