देशभर के करीब 1600 स्थानों पर होगा कार्यक्रम, 8 लाख से अधिक युवा जुड़ेंगे; टिहरी में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय और राजकीय डिग्री कॉलेज चंद्रबदनी में आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में युवाओं को खेल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल की जा रही है।
इसी क्रम में 27 अगस्त को देशभर में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक मंच पर जोड़ना है।
कार्यक्रम के जरिए युवाओं को देश में खेलों के क्षेत्र में हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव भी लिए जाएंगे।
1600 स्थानों पर 8 लाख से ज्यादा युवाओं से जुड़ेंगे PM मोदी
कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा।
प्रधानमंत्री देशभर के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे।
इसके लिए प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
टिहरी जिले में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, चंबा और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंद्रबदनी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की मौजूदगी सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद का आयोजन होगा।
खिलाड़ियों और युवाओं के बीच होगा संवाद
युवा संवाद में माय भारत स्वयंसेवक, माय भारत एनएसएस और स्थानीय खिलाड़ियों की भागीदारी रहेगी।
इस दौरान देश के खेल बुनियादी ढांचे में पिछले 12 वर्षों में हुए बदलावों पर चर्चा होगी।
भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र को लेकर भी युवाओं के साथ संवाद किया जाएगा।
इसके बाद करीब 15 मिनट का विशेष युवा संवाद आयोजित होगा।
इसमें युवा अपने विचार, सुझाव और भविष्य को लेकर अपनी आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।
चार प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
युवा संवाद में चार प्रमुख विषयों को केंद्र में रखा गया है।
पहला विषय खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है। इसमें जमीनी स्तर तक बेहतर सुविधाएं, कोचिंग और खेल के अवसर पहुंचाने पर चर्चा होगी।
दूसरा विषय 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना है। इसमें वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास पर जोर दिया जाएगा।
तीसरा विषय युवा नेतृत्व और शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
चौथा विषय विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण रहेगा। इसमें युवाओं को कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा होगी।
QR कोड से लिए जाएंगे युवाओं के सुझाव
कार्यक्रम में युवाओं से उनके विचार और सुझाव QR कोड के जरिए भी लिए जाएंगे।
इसके साथ ही युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर VBYLD क्विज राउंड में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसका उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना है।
29 अगस्त को मनाया जाता है राष्ट्रीय खेल दिवस
गौरतलब है कि राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है।
यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।
इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की गतिविधियों के जरिए युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।















Leave a Reply