मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश उत्सव के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नैनपुर क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में
गणेश मंच पर सो रहे लोगों के ऊपर बिजली का तार टूटकर गिर गया। तार के संपर्क में आने से पूरे मंच में
करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर चार युवकों की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना शनिवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके
पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे थे युवक
बताया गया कि गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद करीब 8 युवक गणेश मंच पर सो रहे थे।
इसी दौरान बिजली के खंभे में लगे टीसी और बिजली मीटर के पास से तार टूटकर गणेश मंच पर जा गिरा।
तार मंच के खंभे के संपर्क में आने के बाद पूरे मंच में करंट फैल गया।
अचानक करंट फैलने से वहां सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में जेनु भावरे, रवि झारिया, वीरेंद्र भावरे और कृष्णा भावरे की मौके पर ही मौत हो गई।
एक घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल प्रियांश भावरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं मौषम भावरे और संदीप झारिया का नैनपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।
हवा-पानी के कारण तार टूटने की बात
SDOP मनीष राज के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद युवक वापस पंडाल में आकर सो रहे थे।
इसी दौरान हवा और पानी के कारण बिजली का तार टूटकर पंडाल के खंभे से चिपक गया,
जिससे पंडाल में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हुई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
हादसे में बिजली का तार किस वजह से टूटा और विद्युत व्यवस्था में कहीं लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।















Leave a Reply