नैनीताल रोड स्थित एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का मतदान खत्म होने के बाद मंगलवार को कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट भिड़ गए।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान छात्राओं के बीच भी लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
छात्रा के सिर में लगी चोट, अस्पताल पहुंचाया
मारपीट के दौरान एक छात्रा के सिर में चोट लग गई। साथियों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए। इससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
एमबीपीजी में चुनावी प्रक्रिया के दौरान इससे पहले भी गुटों के बीच विवाद सामने आ चुके हैं।
सितंबर में प्रचार जुलूस को लेकर छात्रों के बीच झड़प हुई थी।
एक अन्य घटना में दो गुटों के बीच लाठी-डंडे और पत्थरबाजी तक हुई थी,
जिसमें पांच लोगों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आई थी।
पुलिस ने लाठी फटकारकर छात्रों को खदेड़ा
हंगामा बढ़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों को नियंत्रित करने का प्रयास किया
और लाठी फटकारकर हंगामा कर रहे छात्रों को मौके से खदेड़ा। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की थी।
पुलिस ने लिंगदोह समिति के नियमों का पालन कराने और चुनाव के दौरान अराजकता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मारपीट की वास्तविक वजह और इसमें शामिल छात्रों की पहचान जांच के बाद स्पष्ट होगी।
घटना को लेकर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।















Leave a Reply