अंगदान और देहदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को श्रीनगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल और अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन ने संयुक्त रूप से यह पहल की।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने अंगदान की जरूरत और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बताया अंगदान और देहदान का महत्व
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सतीश कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।
एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नियति ऐरन ने अंगदान और देहदान के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
वक्ताओं ने बताया कि अंगदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवन मिल सकता है।
वहीं, देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियां दूर करने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कई लोगों ने अंगदान और देहदान की जताई सहमति
कार्यक्रम से प्रेरित होकर रोटेरियन नरेश नौटियाल, भगवती प्रसाद पुरी, रोटेरियन प्रवीण थपलियाल और उनकी पत्नी वंदना थपलियाल सहित कई लोगों ने अंगदान और देहदान के लिए सहमति जताई।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष अनिल ढौंढियाल, सचिव डॉ. हरीश भट्ट, कोषाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र भंडारी सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के अध्यक्ष मोहन सिंह कुंवर समेत संगठन के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजकों ने लोगों से इस मानवीय कार्य के लिए आगे आने की अपील की।















Leave a Reply