रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

नैनीताल घूमने जा रहे नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की हादसे में मौत, पत्नी गंभीर

नैनीताल जिले के रामनगर में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई।

पीरूमदारा क्षेत्र में NH-309 पर उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे भारी डंपर से टकरा गई। हादसे में उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

डंपर से आमने-सामने हुई भीषण टक्कर

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा निवासी 26 वर्षीय यतीश यादव अपनी पत्नी डॉ. शीतल यादव के साथ नैनीताल घूमने जा रहे थे।

देर रात करीब 1:30 बजे उनकी स्कॉर्पियो पीरूमदारा स्थित चौधरी ढाबे के पास पहुंची।

इसी दौरान सामने से आ रहे 22 टायरा भारी डंपर से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दोनों पति-पत्नी वाहन के अंदर फंस गए।

सूचना मिलने पर पीरूमदारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, डॉ. शीतल यादव की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली-NCR के हायर सेंटर रेफर किया गया।

चार महीने पहले हुई थी शादी

यतीश यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। उन्होंने वर्ष 2021 में राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में खिताब जीता था। वर्तमान में वह एक निजी स्कूल में बास्केटबॉल कोचिंग देते थे।

यतीश की शादी इसी वर्ष 20 अप्रैल को डॉ. शीतल यादव से हुई थी।

शादी के बाद दोनों पहली बार नैनीताल घूमने के लिए निकले थे। इसी यात्रा के दौरान हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

ओवरटेक के दौरान टक्कर का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि डंपर चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान डंपर गलत दिशा में आया और स्कॉर्पियो को सामने से टक्कर मार दी।

रामनगर पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यतीश यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

https://regionalreporter.in/srinagar-vyapar-sabha-meeting-account-dispute/
https://youtu.be/67kxLlJFyI8?si=BtKngL2biNdvIxlh
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *