एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी मनजीत सिंह को दिल्ली के बसंत विहार साउथ इलाके से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री तैयार कराने का आरोप है।
इन दस्तावेजों के आधार पर वह एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद उसकी गिरफ्तारी की।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर केस
मामला 25 मार्च 2026 को सामने आया था। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत में कासिफ कलीम और अन्य लोगों पर विश्वविद्यालय के नाम और दस्तावेजों की कूटरचना का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के अनुसार, विश्वविद्यालय की अंकतालिकाओं, डिग्री प्रारूपों, मोहरों
और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर उन्हें वास्तविक दस्तावेजों के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
इसके बाद पुलिस ने कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले दो आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पुलिस टीम ने नामजद आरोपी कासिफ कलीम और जांच में सामने आए देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
इसके बाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेज मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू की।
सुरागरसी, पतारसी और सूचना संकलन के दौरान मनजीत सिंह का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, जांच में उसके पास गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए मार्कशीट और डिग्री होने की जानकारी मिली।
इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसके एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी करने की बात सामने आई।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद मनजीत सिंह को बसंत विहार साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया।
आरोपी की उम्र 33 वर्ष बताई गई है और वह हरियाणा के भिवानी जिले का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में कोतवाली श्रीनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके इस्तेमाल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
















Leave a Reply