कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने निर्माण और अन्य जरूरी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर किया जा सकता है, उन्हें साथ-साथ पूरा किया जाए।
इससे समय का बेहतर उपयोग होगा और मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं तैयार की जा सकेंगी।
जनगणना और चुनाव के बीच मानव संसाधन की होगी प्लानिंग
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन कार्यों से कुंभ के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए विभागों को अभी से मानव संसाधन की जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने समय रहते कर्मचारियों की तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
कुंभ क्षेत्र में साइनेज की बेहतर व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने और उससे श्रद्धालुओं को धार्मिक व ऐतिहासिक जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
कुंभ क्षेत्र की लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी के लिए समर्पित ऐप तैयार करने का सुझाव भी दिया गया।

पार्किंग, पुल और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
मुख्य सचिव ने अस्थायी ब्रिजों के निर्माण की लगातार निगरानी करने को कहा।
उन्होंने सभी अस्थायी ब्रिज नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग समेत जरूरी सुविधाओं के काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
नहरबंदी के दौरान होने वाले कार्यों की पहले से तैयारी करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
साथ ही कुंभ शुरू होने से पहले सभी जरूरी काम पूरे करने पर जोर दिया।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की तैयारी समय से पूरी करने को कहा गया।
मेलाधिकारी और विभागाध्यक्षों को कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की तत्काल जानकारी दी जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान करने को कहा।


















Leave a Reply