राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायरे’ (PYRE) 14 से 17 अक्टूबर तक श्रीनगर गढ़वाल में दिखाई जाएगी।
इसके लिए जीजीआईसी मैदान में मोबाइल थिएटर लगाया जाएगा। दर्शक बड़ी स्क्रीन और थिएटर जैसी साउंड व्यवस्था के बीच फिल्म देख सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, गढ़वाल क्षेत्र में फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए श्रीनगर को चुना गया है।
स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक, लेखक और निर्माता विनोद कापड़ी के साथ कहानी से जुड़े आमा-बुबू भी मौजूद रहेंगे।

सुबह 9:30 बजे से होंगे शो
जीजीआईसी मैदान में चार दिनों तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे, दोपहर 12:30 बजे और दोपहर 3:30 बजे फिल्म दिखाई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य उन क्षेत्रों तक सिनेमाई अनुभव पहुंचाना है, जहां नियमित सिनेमाघर उपलब्ध नहीं हैं।
पलायन और बुजुर्ग दंपती के प्रेम की कहानी है ‘पायरे’
फिल्म की कहानी कुमाऊं हिमालय के एक दूरस्थ गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपती पदम सिंह कापड़ी और हीरा देवी के जीवन पर केंद्रित है।
बेहतर अवसरों की तलाश में बच्चों के गांव छोड़ने के बाद बुजुर्गों के जीवन में बढ़ते अकेलेपन और उनके आपसी रिश्ते को फिल्म में दिखाया गया है।
फिल्म में 80 वर्षीय पदम सिंह और 70 वर्षीय हीरा देवी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। दोनों पेशेवर कलाकार नहीं हैं। फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई है।
‘पायरे’ अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित हो चुकी है। फिल्म को 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं, जिनमें 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार शामिल हैं।
इसकी भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।



















Leave a Reply