मां की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत दर्ज किया मुकदमा, कुछ घंटों में आरोपी को पकड़ा
बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप लगा है।
बेटी ने जब मां को आपबीती बताई तो मां ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को महिला ने बहादराबाद कोतवाली पहुंचकर शिकायत दी।
महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले करीब एक साल से उनकी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था।
कई बार विरोध करने और समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
महिला ने पति पर अपने और बच्चों के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी की हरकतों के चलते बेटी भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी थी।
बेटी ने हिम्मत जुटाकर मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद मां ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 115(2),
352 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 व 9(एल)(एन)/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
किराये के मकान से आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके किराये के मकान पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
















Leave a Reply