रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

विदेश में नौकरी का झांसा देकर 1.20 करोड़ की ठगी, गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त सूबेदार समेत कई लोगों से 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान उपेंद्र सिंह थापा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोहकमपुर का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी की हाइडिल कॉलोनी में रह रहा था।

मामले में अभी पांच आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपियों में चार आरोपी उपेंद्र सिंह थापा के परिजन बताए जा रहे हैं।

फिनलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2025 को रिटायर सूबेदार नरजंग कुमार, निवासी नया नगर, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि सेना में उनके साथ कार्यरत रहे सूबेदार संदीप थापा ने उन्हें अपने रिश्तेदार उपेंद्र सिंह थापा से मिलवाया, जिसने खुद को मर्चेंट नेवी का कैप्टन बताते हुए फिनलैंड में नौकरी दिलाने का दावा किया।

एडवांस के नाम पर ली गई मोटी रकम

आरोपियों ने नौकरी के बदले प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये की मांग की और वीजा प्रक्रिया के नाम पर एडवांस में पांच-पांच लाख रुपये लिए।

पीड़ितों ने आरोपियों की बातों पर भरोसा कर अलग-अलग तिथियों में कुल 1.20 करोड़ रुपये दे दिए। बाद में आरोपियों ने 30 से 45 दिन में वर्क परमिट आने का भरोसा दिलाया।

नकली दस्तावेज देकर किया गुमराह

28 जून 2024 को आरोपियों ने सभी पीड़ितों को देहरादून बुलाकर फिनलैंड का कथित कॉन्ट्रैक्ट लेटर सौंपा।

फरवरी 2025 में पीड़ितों को एक ईमेल के माध्यम से जानकारी मिली कि उनका वीजा स्वीकृत नहीं हुआ है और उन्हें जो दस्तावेज दिए गए थे, वे फर्जी हैं।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने संदीप थापा, उपेंद्र थापा, सुरेंद्र थापा, सरोज थापा, दीप्ति थापा और रक्षा दशिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी जोगीवाला विजय प्रताप राही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मुख्य आरोपी उपेंद्र सिंह थापा को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

https://regionalreporter.in/the-body-of-a-businessman-was-found-inside-his-shop-in-pauri/
https://youtu.be/YqmyQUT-vwc?si=YdZLcWQlQgzLtm0Z
Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: