रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

नैनीताल में दर्दनाक बस हादसा: एक की मौत, आठ गंभीर घायल

खुपी क्षेत्र में पलटी केएमओयू बस, मची अफरा-तफरी

उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। ताजा मामला नैनीताल जनपद के खुपी क्षेत्र से सामने आया है, जहां केएमओयू लिमिटेड की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस हल्द्वानी से डीडीहाट की ओर जा रही थी और उसमें कुल 14 यात्री सवार थे।

रास्ते में अचानक बस का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

रेस्क्यू अभियान चला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए भवाली तथा हल्द्वानी के अस्पतालों में भेजा गया।

मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के अनुसार, बस में 14 यात्री सवार थे और हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।

पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे

गौरतलब है कि नैनीताल जिले में इससे पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं।

25 दिसंबर 2024 को भीमताल क्षेत्र में एक रोडवेज बस गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी

और 25 यात्री घायल हुए थे। उस समय बस पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रही थी।

लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन के लिए यह एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है कि आखिर इन हादसों पर कैसे अंकुश लगाया जाए।

https://regionalreporter.in/dehradun-medical-student-death-case/
https://youtu.be/EJuB12-3_hc?si=-NfZnJQFQ-MD5N87
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *