पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को उस समय दहल उठी, जब जुमे की नमाज के दौरान एक इमामबाड़े को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया।
यह धमाका शहर के शहजाद टाउन स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद प्रशासन ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है,
हालांकि अब तक मृतकों का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका नमाज के दौरान हुआ,
जिससे नमाजियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे तरलाई इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अस्पतालों में अलर्ट, घायलों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम
विस्फोट के बाद इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों PIMS, पॉलीक्लिनिक और सीडीए अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
PIMS अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों के इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड के साथ बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग को भी सक्रिय कर दिया गया है।
एम्बुलेंस के जरिए घायलों को लगातार अस्पताल लाया जा रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
हमले की जांच शुरू, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका किस तरह से किया गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
यह आत्मघाती हमला था या विस्फोटक पहले से लगाया गया था, इसकी जांच जारी है। फॉरेंसिक टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
















Leave a Reply